इंदौर/लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने बुधवार को खंडवा जिले के पुनासा में कार्रवाई करते हुए नर्मदा विकास संभाग के उपयंत्री अशोक गौतम को 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। लोकायुक्त ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

लोकायुक्त के अनुसार, खरगोन जिले के धूलवाड़ा निवासी ठेकेदार लखन राठौर ने 10 सितंबर को शिकायत की थी कि उसने वर्ष 2024 में नर्मदा विकास प्राधिकरण (NVDA) पुनासा में चौकीदार कक्ष और जनरेटर कक्ष निर्माण का ठेका लिया था। कार्य पूरा करने के बाद भुगतान के लिए बिल कार्यालय में जमा किए गए थे। शिकायतकर्ता को करीब 13 लाख रुपये का भुगतान मिल चुका था, जबकि शेष भुगतान और सिक्योरिटी डिपॉजिट की राशि वापस करने के एवज में उपयंत्री अशोक गौतम द्वारा 55 हजार रुपये रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत के सत्यापन के दौरान लोकायुक्त टीम ने रिश्वत की मांग की पुष्टि की। इसके बाद बुधवार, 23 सितंबर को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त इंदौर राजेश सहाय के मार्गदर्शन और निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्यालय कार्यपालन यंत्री, नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-28 पुनासा के तकनीकी कक्ष में आरोपी को शिकायतकर्ता से 14 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया।
कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप टीम में प्रधान आरक्षक विजय कुमार, प्रधान आरक्षक विवेक मिश्रा, आरक्षक कमलेश परिहार, आरक्षक शैलेन्द्र सिंह बघेल और आरक्षक कृष्णा अहिरवार शामिल रहे।
लोकायुक्त पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। संगठन ने आमजन से अपील की है कि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर लोकायुक्त पुलिस इंदौर से संपर्क किया जा सकता है। कार्यालय मोती बंगला, एमजी रोड इंदौर में स्थित है। संपर्क नंबर 0731-2533160 और 0731-2430100 हैं।
Leave a Reply