लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

रिश्वतखोर राजस्व अधिकारी धराया

इन्दौर/लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खरगोन जिले के भीकनगांव नगर परिषद में पदस्थ सहायक राजस्व निरीक्षक मयंक जैन को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त जारी करने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।
महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर इंदौर लोकायुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। शिकायतकर्ता सिराज पठान ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी आयशा पठान को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत मकान की दूसरी किस्त जारी करने के लिए नगर परिषद भीकनगांव में पदस्थ सहायक राजस्व निरीक्षक मयंक जैन द्वारा 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद 17 अप्रैल 2026 को लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान आरोपी मयंक जैन को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
लोकायुक्त टीम में कार्यवाहक निरीक्षक सचिन पटेरिया सहित अन्य अधिकारियों और आरक्षकों ने इस सफल कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नागरिकों से अपील
लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में करें। संगठन द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Discover more from दैनिक राघवकीर्ति

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading